स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, पूर्व मंत्री के नाम का शिलापट्ट जमीन पर — प्रशासन की लापरवाही उजागर

रायबरेली। यह तस्वीर रायबरेली की प्रशासनिक उदासीनता और उपेक्षा की गवाही देती है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, शिक्षाविद् और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे स्व. वसी नकवी जैसी महान विभूति, जिनके अंतिम संस्कार पर तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी, मुख्यमंत्री एन.डी. तिवारी, श्रीमती सोनिया गांधी, राज्यपाल और कई मंत्री शामिल हुए थे, उनके नाम का शिलापट्ट आज लोगों के पैरों तले है।

शहर में रफी अहमद किदवई पार्क से लेकर बस अड्डा, जहानाबाद चौकी और रतापुर तक का मार्ग स्व. नकवी के नाम पर रखा गया था। लेकिन प्रशासन की लापरवाही का आलम यह है कि बस अड्डे चौराहे पर लगा शिलापट्ट बिजली विभाग ने तोड़कर नाली पर फेंक दिया, जबकि रतापुर चौराहे नरेश होटल के सामने लगा शिलापट्ट सड़क चौड़ीकरण के दौरान हटा दिया गया और आज तक वापस नहीं लगाया गया।

यह स्थिति न केवल अपमानजनक है, बल्कि उन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विरासत का भी अपमान है, जिनकी बदौलत आज हम आज़ाद भारत में सांस ले रहे हैं।

स्व. नकवी की बहू श्रीमती सुहेला नकवी, पोते मीसम नकवी, सलमान नकवी एडवोकेट, वसी अज़हर नकवी, अज़रा नकवी, और मुजतबा नकवी एडवोकेट ने जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Comments